: बुढ़वा मंगल को दंदरौआ धाम में लगेगा श्रद्धालुओं का विशाल मेला, लाखों श्रद्धालु करेंगे धाम में डॉक्टर हनुमान के दर्शन - श्री राम दास महाराज
Admin Fri, Sep 2, 2022
बिहारी बाल मंदिर परिसर में दंदरौआ धाम के महंत श्री राम दास महाराज की प्रेस वार्ता आयोजित, धाम व स्कूल प्रबंधन ने किया पत्रकारों का सम्मान
गणेश भारद्वाज भिण्ड

आगामी 6 सितंबर को बुढ़वा मंगल है हमारे दंदरौआ धाम में बुढ़वा मंगल को श्रद्धालुओं का विशाल मेला लगेगा और करीब 6 से 8 लाख श्रद्धालु जन डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने के लिए दंदरौआ धाम पहुंचेंगे । यह बात भिंड के बिहारी बाल मंदिर परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर श्री राम दास जी महाराज ने कही। इस अवसर पर जिले के समस्त वरिष्ठ पत्रकार जनों का डायरी पेंसिल और गीता भेंटकर सम्मान किया गया।
मां सरस्वती के पूजन के साथ प्रारंभ हुई पत्रकार वार्ता में दंदरौआ धाम के महंत महामंडलेश्वर श्री रामदास महाराज ने श्री हनुमान जी महाराज के दिव्य कथा प्रसंगों का वर्णन करते हुए अल्प समय में संपूर्ण सुंदरकांड की कथा का श्रवण पत्रकार बंधुओं को कराया। श्री महाराज ने कहा कि हनुमान जी महाराज जब सीता की खोज करने गए तो उनकी खोई हुई शक्ति को जामवंत जी ने याद दिलवाया। विशाल समुद्र को पार कर सीता जी की खोज करने लंका पहुंचे और वहां पर लंका दहन किया और लौट के सीता जी के विषय में श्री प्रभु राम को बतलाया। सीता जी को खोजने की सूचना बुढ़वा मंगल के दिन ही हनुमान जी महाराज ने श्री राम जी को दी थी जिससे प्रसन्न होकर श्री राम जी ने हनुमान जी को अनपायनी भक्ति का वरदान दिया था। तभी से श्री हनुमान जी महाराज को बुढ़वा मंगल का दिन अत्यंत प्रिय लगने लगा, इस दिन जो श्री हनुमान जी महाराज का दर्शन करता है श्री हनुमान जी महाराज उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं।
श्री रामदास महाराज ने दंदरौआ धाम के हनुमान जी के सखी रूप का वर्णन करते हुए कहा कि यहां श्री हनुमान जी महाराज सखी रूप में विराजे हैं इनके दर्शन मात्र करने से ही व्यक्ति के हर दुख कष्ट का निवारण होता है और श्री हनुमान जी महाराज का आशीर्वाद भक्तों को प्राप्त होता है। प्रेस वार्ता प्रारंभ होने से पहले बिहारी स्कूल के संचालक राजेश शर्मा के द्वारा पुष्प हार पहनाकर महाराज श्री का अपने स्कूल परिसर में स्वागत किया गया।
प्रेस वार्ता में सरस्वती पूजन कर गदगद हो गए श्री महाराज
बिहारी बाल मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता का शुभारंभ जब सरस्वती पूजन करवाकर किया गया तो श्री रामदास महाराज गदगद हो गए। उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार ऐसी कोई पत्रकार वार्ता देखी है जिसमें मां सरस्वती के पूजन के साथ पत्रकार वार्ता प्रारंभ करवाई गई है श्री महाराज ने कहा कि हम जब सनातन परंपरा का पालन करेंगे तो भगवान हम पर प्रसन्न होकर हमें प्रगति के पथ पर अग्रसर करेंगे और अपना संपूर्ण आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
समाजसेवी राजेश शर्मा ने पत्रकारों को भगवत गीता की भेंट
पत्रकार वार्ता के पश्चात जब पत्रकारों के सम्मान की बारी आई तो धाम की ओर से सम्मान व आशीर्वाद स्वरुप एक कलम और एक डायरी समस्त पत्रकारों को भेंट की गई । इसी के साथ बिहारी बाल मंदिर के संचालक राजेश शर्मा के द्वारा समस्त पत्रकार गणों को गीता ग्रंथ भेंट किया गया। इस कार्य की दंदरौआ धाम के महंत रामदास जी महाराज ने भूरि- भूरि प्रशंसा की।
विज्ञापन