: ढाई बजे जागे बाबा महाकाल, सज धज कर भक्तों को दिए दिव्य दर्शन...

Admin Mon, Jul 31, 2023

श्रावण मास के चौथे सोमवार को बाबा महाकाल के दरबार में गुंजायमान हुआ जय श्री महाकाल

उज्जैन - संवाददाता

श्रावण शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी और चतुर्दशी के साथ चौथे सोमवार के विशेष संयोग में आज प्रभात बाबा श्री महाकाल निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व यानी 2:30 बजे जागे और उन्होंने स्नान पूजन, भस्म रमाने और श्रंगार के बाद अपने भक्तो को जैसे ही दर्शन दिए वैसे ही अकाल मृत्यु को हरण करने वाले भगवान महाकाल के दरबार में जय श्री महाकाल की गूंज गुंजायमान हो गई। बाबा श्री महाकाल के निराकार से साकार होने के इसी स्वरूप के दर्शन करने के लिए भक्त हर रोज इंतजार करते हैं।इन दिव्य दर्शनों का महत्व सोमवार को और भी अधिक बढ़ जाता है।
धार्मिक नगरी उज्जैन मे आज अलसुबह से जय श्री महाकाल का उद्घोष सुनाई दिया जो कि देर शाम तक इसी प्रकार जारी रहेगा। क्योंकि अलसुबह बाबा महाकाल के दरबार के पट रात्रि 2:30 बजे खोले गए। मंदिर के पंडितों एवं पुजारी पुरोहितों द्वारा बाबा महाकाल का जलाभिषेक करने के साथ ही शिव परिवार का भी पूजन अर्चन किया। जिसके बाद बाबा महाकाल का सूखे मेवे से श्रंगार कर उन्हे महानिवार्णी अखाड़े के महंत विनीत गिरी द्वारा भस्मी रमाई गई। सुबह मंदिर मे हुई भस्म आरती के साथ ही दर्शन का क्रम शुरू हुआ। जिसका लाभ हजारो श्रद्धालुओं ने चलित भस्मआरती के रूप मे लिया। आज सुबह मंदिर मे बाबा महाकाल के दर्शनों का लाभ भले ही हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हो लेकिन श्रावण मास के चौथे सोमवार पर बाबा महाकाल आज भक्तों को दर्शन देने के लिए श्री चंद्रमौलेश्वर, श्री मनमहेश, श्री शिव तांडव के साथ ही उमा महेश स्वरूप मे दर्शन देंगे। ऐसी मान्यता है कि बाबा महाकाल उज्जैन नगरी के राजा है और प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं इसीलिए आज शाम 4 बजे बाबा महाकाल की सवारी षोडशोपचार पूजन अर्चन के बाद महाकाल मंदिर से शुरू होगी। जो कि श्री महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर सवारी के परंपरागत मार्गो से होती हुई रामघाट पहुंचेगी। जहां बाबा महाकाल का शिप्रा के जल से पूजन अर्चन करने के साथ यह सवारी पुन: विभिन्न मार्गो से होती हुई गोपाल मंदिर पहुंचेगी। जहां भगवान हरि और हर के मिलन के साथ भगवान का पूजन अर्चन किया जाएगा और यह सवारी पुन: भक्तो को दर्शन देते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

विज्ञापन

जरूरी खबरें