: भाविप ने गोद लिया शासकीय विद्यालय,आंगन के पक्कीकरण का काम शुरू

Admin Mon, Oct 21, 2024

भारत विकास परिषद की शाखा जागृति ने निर्माण हेतु किया भूमि पूजन

https://youtu.be/wp1IWdRMn5E?si=dm7Ys-60BYTUqskiवीडियो देखें...

भिंड - संवाददाता

भारत विकास परिषद शाखा जागृति भिंड के तत्वाधान में शासकीय माध्यमिक विद्यालय पुरानी बस्ती के उन्नयन हेतु भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। विदित हो पूर्व में शाखा के सदस्यों द्वारा उक्त विद्यालय में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान विद्यालय के खेल के मैदान की अव्यवस्थित स्थिति को देखते हुए परिषद के सदस्यों ने यह निर्णय लिया कि जागृति शाखा संगठन के सहयोग से खेल परिसर को पक्का एवं सुव्यवस्थित करावेगी। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ आनंदपूर्वक विद्यालय परिसर में ही खेलकूद की गतिविधियों में भी भाग ले सकें।अपने वचन और कर्तव्य को ध्यान में रखते हुए जागृति शाखा के सदस्यों द्वारा आज विधिवत निर्माण कार्य का भूमि पूजन शास्त्रीय वैदिक विधि विधान, कलश स्थापना, गौरीशंकर का आव्हान, पुष्प, अक्षक, और रोली अर्पित कर किया गया। किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बीआरसी भिंड अरविंद भदौरिया उपस्थित रहे एवं अध्यक्षता भारत विकास परिषद मध्य भारत प्रांत के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रवण कुमार पाठक द्वारा की गई। जागृति शाखा की संरक्षक डॉ. उमा शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा विधि विधान से निर्माण कार्य का भूमि पूजन कराया।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रकल्प संयोजक पवन जैन ने कहा की शिक्षा देने वाले गुरु इतने गुणवान होते हैं कि वह एक साधारण से बच्चों को अपने ज्ञान के द्वारा महानता प्रदान कर देते है।
भिंड बीआरसी अरविंद भदौरिया ने कहा की शाखा जागृति के द्वारा इस विद्यालय का चयन हमारे विभाग के लिये सहयोग किया है, हम आपका आभार व्यक्त करते है। बीआरसी अरविंद भदौरिया ने शाखा को सहयोग राशि भी भेंट की।
नगर समन्वयक धीरज शुक्ला ने कहा भारत विकास परिषद सदैव से सहयोग की भावना रखता है इसी भावना के निमित्त हमने इस सेवा कार्य को चुना है। शासन प्रशासन से हमें सहयोग की अपेक्षा रहेगी।
गगन शर्मा ने कहा छात्रों को शिक्षा के साथ खेलकूद की बेहतर व्यवस्था होना आवश्यक है इसी को दृष्टिगत रखते हुए हमने विद्यालय के खेल प्रांगण को पक्का करने का विचार किया।
शाखा पदाधिकारी ने खेल मैदान को यथाशीघ्र रिकॉर्ड समय में पूरा कर लेने के लिए संकल्प भी लिया। प्रकल्प सहसंयोजक देवकांत बरुआ ने समाज के सभी सक्षम मित्रों से बढ़ चढ़कर सहयोग का आवाहन किया।
कार्यक्रम में सभी का स्वागत शाखा अध्यक्ष उषा नगरिया ने किया एवं आभार शाखा सचिव सीमा त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर अरुणा पाठक, कमलेश जुनेजा, दीपशिखा शर्मा, डॉ आलोक त्रिपाठी, राहुल जैन, अनिल जैन, कैलाश नगरिया आदि उपस्थित रहे।

विज्ञापन

जरूरी खबरें