: सीएम राइज स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे - सांसद श्रीमती संध्या राय
Admin Sat, Oct 29, 2022
जिले में 146.78 करोड़ से अधिक की लागत के चार सीएम राईज विद्यालय का हुआ भूमिपूजन
गणेश भारद्वाज - भिण्ड
क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय एवं विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में सीएम राइज विद्यालय शा.उ.मा.वि. क्रमांक 02 का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, श्री देवेंद्र सिंह भदौरिया, पूर्व खनिज निगम अध्यक्ष श्री कोक सिंह नरवरिया, श्री रमेश दुबे, श्रीमती कृष्णकांता तोमर, श्री केशव सिंह भदौरिया, पूर्व अध्यक्ष श्री अवधेश भदौरिया सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय ने सीएम राइज विद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम अंतर्गत अपने उद्बोधन में कहा कि सीएम राइज स्कूल से शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव होगा। विद्यार्थियों को इन स्कूलों के माध्यम से बेहतर गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिलेगी। यह स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इन स्कूलों के माध्यम से भावी पीढ़ी का भविष्य निर्माण की परिकल्पना को साकार किया है।
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का जो सपना मुख्यमंत्री ने देखा है, वो पूरा होता हुआ नजर आ रहा है। सीएम राइज स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और छात्र-छत्राओं का सर्वांगीण विकास होगा।
विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी लगातार बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले इसको लेकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बेटियों के साथ ही उनके पिता की भी चिंता की है। अब बेटी पिता पर बोझ नहीं बने इसको लेकर भी सरकार ने जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर, उसे प्राप्त करने का लगन एवं मेहनत से प्रयास करें।
कार्यक्रम अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इंदौर में 2519 करोड़ रूपये की लागत के 69 सीएम राइज स्कूलों का भूमिपूजन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 2519 करोड़ रूपये की लागत के 69 सीएम राइज स्कूलों का भूमिपूजन किया गया। जिसके अंतर्गत भिण्ड जिले में 146.78 करोड़ से अधिक की लागत के चार सीएम राईज विद्यालय का भूमिपूजन किया गया। जिसमें 49 करोड़ 10 की लागत से सीएम राईज विद्यालय शा.उमावि क्रमांक 02 भिण्ड, 40 करोड़ 70 लाख की लागत से सीएम राईज विद्यालय गोहद, 22 करोड़ 60 लाख की लागत से सीएम राईज विद्यालय मेहगांव एवं 35 करोड़ 40 लाख की लागत से सीएम राईज विद्यालय अमायन का भूमि पूजन किया गया।
विज्ञापन