: खेरौली में संचालित अवैध रेत खदान पर कलेक्टर का छापा

Admin Wed, Oct 18, 2023


एक स्कॉर्पियो, एक लोडर एवं एक पनडुब्बी जप्त की


गणेश भारद्वाज - भिंड

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव लगातार एक्शन में दिखाई दे रहे हैं बीते रोज शहर के नर्सिंग होम्स पर कार्रवाई करने के बाद आज अमायन थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध रूप से संचालित खेरौली रेत खदान पर छापा मार कार्रवाई कर दी।
कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने सिंध नदी के में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगी एक पनडुब्बी, एक स्कॉर्पियो और एक लोडर को मौके पर जप्त कर कार्रवाई करने निर्देश माइनिंग टीम को दिए हैं। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को किसी ने सूचना दी कि अमायन थाना क्षेत्र के अंतर्गत खेरौली रेत खदान पर अवैध रूप से रेत का उत्खनन पनडुब्बी द्वारा किया जा रहा है इस पर से कलेक्टर दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने खैरोली में चल रही अवैध रेत खदान को न केवल बंद कराया बल्कि वहां से एक पनडुब्बी एक लोडर, एक लग्जरी स्कॉर्पियो कार अपने कब्जे में ली और आगामी कार्रवाई करने के निर्देश खनिज विभाग को टीम को दिए।
यहां हम बता दें कि कई वर्षों से सिंध नदी में रेत का अवैध उत्खनन जोरों पर चल रहा है सिंध नदी में एक या दो स्थानों पर नहीं दर्जन या दो दर्जन स्थानों पर नहीं बल्कि सैकड़ो स्थान पर माफिया के द्वारा अवैध रूप से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है और इस कार्य में पुराना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन और खनिज विभाग संलिप्त हुआ करता था लेकिन अब नवागत कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव ने जैसे कि रेत माफिया की कमर तोड़ने की ठान ही ली है। पिछले दिनों कलेक्टर ने रेत परिवहन करने वाले वाहनों से अवैध वसूली करने वाले कटरों को भी अमायन थाना क्षेत्र से पकड़ने में सफलता प्राप्त की थी और इतिहास में पहली बार बड़ी मात्रा में वसूल की गई रकम भी बरामद की थी लेकिन इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका आज तक संदिग्ध ही दिखाई दे रही है हालांकि कलेक्टर संजीव कुमार श्रीवास्तव इस मामले में अपनी ओर से कार्रवाई करने में जुटे हुए हैं गंभीर बात तो यह है कि कलेक्टर ने जिस व्यक्ति पर कार्रवाई करने के लिए लिखित में आदेश दिए थे उस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई अब तक नहीं की है।
पुलिस अधिकारी का सगा संबंधी ही था कटर!

जानकारी तो यह भी मिली की कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने अपने पत्र में जिस नाम का जिक्र किया था वह किसी पुलिस अधिकारी का ही सगा संबंधी था।
अब एक बार फिर से कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने अमायन थाना क्षेत्र की खेरौली रेत खदान पर छापा मार कार्रवाई करके इस अवैध रेत खदान को बंद करवाया है और यहां से अवैध रेत उत्खनन में प्रयोग की जाने वाली लाखों रुपए की सामग्री जप्त की है।

तोड़ना ही होगा रेत माफिया का नेक्सस

भिंड जिले में पिछले करीब एक दशक से रेत माफिया करोड़ों अरबों रुपए का चूना प्रदेश सरकार को लगा चुका है और यह खेल न केवल रेत माफिया के द्वारा बल्कि जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन और खनिज विभाग के साथ गांठ से संपन्न हुआ है लेकिन अब जब नवागत कलेक्टर ने इस रेतीले नेक्सस को तोड़ने की कसम खा ली है तो निश्चित ही अब अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगने की संभावना नजर आती हुई दिखाई दे रही है। रेत कारोबार से जुड़े हुए लोगों का कहना है कि यदि कलेक्टर के साथ-साथ में पुलिस भी इस नेक्सस को खत्म करने की ठान ले तो वह दिन दूर नहीं जब रेत माफिया का नाम और निशान इस जिले से मिट जाएगा नकल के दाग की तरह।

विज्ञापन

जरूरी खबरें