: विश्व पटल पर अलग पहचान बना रहा है भारत : सिंधिया
Admin Sun, Apr 16, 2023



भिंड के संस्कृति गार्डन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे केंद्रीय विमानन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
जिले की सीमा में हुआ जोरदार स्वागत, कर्ताओं ने स्वागत में पलक पावडे बिछाए
सायपुरा गांव में पूर्व विधायक हरि सिंह नरवरिया की प्रतिमा का किया अनावरण
गणेश भारद्वाज - भिंड
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संस्कृति मैरिज गार्डन भिण्ड में 64.57 करोड़ की लागत से भिण्ड जिले में आरडीएसएस विद्युतीकरण योजना के तहत् विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण / अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का कन्या पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
इस दौरान राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ अरविन्द सिंह भदौरिया, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्री ओपीएस भदौरिया, सांसद श्रीमती संध्या राय, भिण्ड विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया, पूर्व विधायक श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, एसपी श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारत देश तेजी से विकास करते हुए विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। देश ने सभी क्षेत्रों में उपलब्धियाँ हासिल कर विश्व मानचित्र पर अपना एक अलग स्थान बना लिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा आमजन की आधारभूत सुविधाओं का ख्याल रखकर आमजन के हित में निरंतर कार्य किया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति की आधारभूत जरूरतों में बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा आदि होती है। जिसके लिए लगातार कार्य करते हुए गांवों का भी विकास तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भिण्ड जिले में 64.57 करोड़ की लागत से विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण /अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की सोच और निरंतर प्रयास यही है कि गांव-गांव, मजरे और हर गरीब की झोपड़ी तक बिजली पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का सपना है कि हर गरीब के घर तक ऊर्जा की रोशनी पहुंचे, हर गरीब की झोपड़ी जगमगाए, इसी सोच और विचारधारा पर सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने बेटियों को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की और हाल ही में प्रदेश की बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है जो महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक होगी।
राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि एक समय था जब मध्यप्रदेश में बिजली नहीं हुआ करती थी लेकिन केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों से आज हर घर हर गांव तक बिजली बिजली पहुंची है, सरकार की विचारधारा विकास और प्रगति की है।
सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि विकास के क्रम में हमेशा आगे खड़ी है सरकार।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि लोगों को बिजली की समस्या न हो सरकार इसकी चिंता निरंतर कर रही है। हर गांव हर मजरे तक बिजली पहुंचाने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। ताकि किसी गरीब की झोपड़ी में अंधेरा न रहे।
विज्ञापन