: द्वेष का शमन होने पर ही होता है स्नेह का प्रस्फुटन - स्वामी वेदतत्वानंद जी महाराज
Admin Sun, Aug 20, 2023

भिण्ड विकासखंड के 10 स्थानों पर पहुंची स्नेह यात्रा
भिंड - संवाददाता
स्नेह यात्रा आज भिंड के 10 ग्राम पंचायतों से भ्रमण कर निकली। और आम जनता में आपस में स्नेह, भाई चारा, सौहार्द्र बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर संत महाराज श्री स्वामी वेदतत्वानंद ने कहा की मन से द्वेष का शमन होने पर स्नेह का प्रस्फुटन होता है।
इसलिए हमें द्वेष का शमन करना होगा। द्वेष का अर्थ है जो पसंद नहीं वह दूर हो, द्वेष का ही विपरीत है स्नेह। सही मायने में प्रेम का प्रस्फुटन द्वेष के शमन से ही है। इसलिए आप सभी सारे द्वेष, विद्वेष और कटुता को भुलाकर आपस में स्नेह का मार्ग प्रशस्त करें।
सभी में एक दूसरे के प्रति सद्भावना हो यही मध्यप्रदेश शासन की भी मंशा है। इसलिए संतो के सानिध्य में यह स्नेह यात्रा निकल रही है।
आचार्य शंकर न्यास पीठ से पधारे स्वामी श्री वेदतत्वानंद जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से भिंड जिले में स्नेह की पताका फहरा रही है।

जिले में पांचवे दिन भिण्ड विकासखंड में संचालित स्नेह यात्रा में बड़ी संख्या में श्रोताजन भाग ले रहे है।कुम्हरौआ स्थित गायत्री मंदिर प्रांगण में बोलते हुए स्वामी श्री वेदतत्वानंद जी ने कहा मध्यप्रदेश शासन द्वारा निकाली जा रही इस समय यात्रा में आप सभी लोग इसकी मूल अवधारणा को समझकर कार्य करें जिससे अधिक से अधिक लोगों में प्रेम भाव का संदेश जा सके। इस यात्रा में जिस प्रकार का स्नेह मिल रहा है यह अविभूत है। जैसे ही द्वेष खत्म होगा और प्रेम का विस्तार होगा शासन की इस यात्रा का उद्देश्य पूर्ण हो जाएगा। यह यात्रा प्रत्येक दिन लगभग 10 वंचित ग्रामों से निकल रही है। भिण्ड जिले के विकासखंड भिण्ड में स्नेह यात्रा निरंतर है। इस दौरान पांचवे दिन यात्रा जब भिण्ड से आरंभ हुई। उक्त यात्रा कुम्हरौआ में स्वागत संवाद, खादर गऊघाट, दबोहा, कीरतपुरा, बबेडी संवाद भोजन एवं विश्राम, बाराखुर्द, जामना खुर्द, वार्ड नंबर 25 में स्वागत और वार्ड नंबर 07 में संवाद तथा वार्ड 22 संवाद और सहभोज तथा रात्रि विश्राम हुआ। यात्रा के प्रति ग्रामीणों में काफी उत्साह है। स्वामी जी के द्वारा समस्त ग्रामों में ग्रामवासियों को आपसी प्रेम, सहयोग, स्नेह साथ ही जाति-पाति, ऊंच-नीच, अमीर-गरीब, छूआ-छूत इन सबसे उपर उठकर सभी को सामूहिक रूप से समाज में सामूहिकता से रहने का संदेश दिया जा रहा है।
इस यात्रा में प्रयाग से पधारे श्री स्वामी सुरेश गिरी नागा महाराज का आशीर्वाद भी लोगों को प्राप्त हो रहा है। ज्ञातव्य है उक्त यात्रा में प्रमुख संत के रूप में आदिगुरु शंकर न्यास पीठ के दशनामी पीठ के संत स्वामी श्री वेदतत्वानंद जी महाराज (राजकीय अतिथि) का मार्गदर्शन जनमानस को प्राप्त हो रहा है। यात्रा में जिला प्रशासन के साथ–साथ प्रमुख रूप से मुख्य संत आदिगुरु शंकर न्यास पीठ के दशनामी पीठ के संत स्वामी श्री वेदतत्वानंद जी महाराज (राजकीय अतिथि), गायत्री परिवार, पतजलि, रामचंद्र मिशन, अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, श्री शिवप्रताप सिंह भदौरिया जिला समन्वयक जन अभियान परिषद भिण्ड, तथा भिण्ड के समस्त मेंटर, समस्त सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।
विज्ञापन