: भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ राम कथा का श्री गणेश...
Admin Mon, Apr 8, 2024

सनातन धर्म की विश्व पताका फहराने धर्म ध्वज वाहक बने हिंदू समाज : शंकराचार्य नारायणानंद तीर्थ महाराज

भिंड - संवाददाता
जिले में शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने जा रही नवदिवसीय श्री राम कथा का श्री गणेश भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। सोमवार को 1100 महिलाओं के द्वारा स्थानीय नवादा बाग स्थित बड़े हनुमान मंदिर से दोपहर 12 बजे कलश यात्रा शुरू होकर कथा स्थल स्वरूप विद्या निकेतन पर पहुंची। यहां पर पूज्य शंकराचार्य जी का मां अन्नपूर्णेश्वरी वेद अनुसंधान संस्थान के आचार्य एवं बटुको के द्वारा पादुका पूजन हुआ।
उसके बाद 1 घंटे तक चले प्रवचन में शंकराचार्य ने उपस्थित महिलाओं को राम कथा एवं रामलीलाओं के बारे में बताया। शंकराचार्य ने कहा कि रामकथा में व्यक्ति के कल्याण एवं समाज कल्याण के रहस्य छिपे हुए हैं। उन्हें समझकर अपने जीवन में उतार लेंगे तो रामराज्य की परिकल्पना जो हम करते हैं वह दूर नहीं। जिस प्रकार से भगवान श्रीराम ने मानवीय मूल्यों का पालन करते हुए अधर्म पर धर्म की पताका फहराई उसी प्रकार हम भी उनका अनुसरण करते हुए अधर्म के ऊपर धर्म की समाज में स्थापना कर सकते हैं। संगीत के साथ भगवद् भजन के साथ भगवान् की लीलाओं का भक्तों ने भव्य पाण्डाल में बैठकर आनन्द लिया।

प्रवचन के बाद कलश यात्रा में सम्मिलित हुई सभी महिलाओं को भोजन प्रसादी दी गई। मंगलवार से प्रतिदिन 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक श्री राम कथा का वाचन शंकराचार्य जी के श्री मुख से किया जाएगा। जबकि प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शंकराचार्य जी का दैनिक दर्शन, पादुका पूजन एवं दीक्षा कार्यक्रम होगा। श्रीराम कथा का आयोजन काशी धर्मपीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ की अनुकंपा से नारायण सेवा समिति के द्वारा करवाया जा रहा है।
विज्ञापन