: यहां के दौरे पर आए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री का सख्त रवैया, ईई आर ई एस को किया निलंबित...

Admin Mon, May 22, 2023


योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी अधिकारी विशेष रुचि लेकर कार्य करें - मंत्री श्री सिसोदिया
पंचायत मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया द्वारा की गयी योजनाओं की समीक्षा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ रमेश दुबे की शिकायत पर ईई आर ई एस निलंबित करने के लिए आदेश

भिण्ड - संवाददाता

प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया द्वारा विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक जिला पंचायत कार्यालय भिण्ड के सभागार में ली गई। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने और लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी अधिकारी विशेष रुचि लेकर कार्य करें।
बैठक में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्री ओपीएस भदौरिया, संत रविदास हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम के अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह जाटव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया, मुख्या कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मनोज सरियाम सहित विभिन्ने विभागों के जिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि लंबित निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने अमृत सरोवर योजनांतर्गत निर्मित किये गये तालाबों के कार्यों की प्रशंसा कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुक्तिधाम टीनसेड लगाकर बनाए जाएं, सरकारी स्कूलों की बाउंड्रीवॉल बनाई जाए सभी सीईओ जनपद यह कार्य प्राथमिकता से करें।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने ईई पीएचई से संचालित नलजल योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ईई पीएचई को निर्देशित कर कहा कि जहां जहां नल जल योजना का कार्य पूर्ण होकर चालू हो गई है उन सभी ग्राम पंचायतों के नाम एवं वीडियो उपलब्ध कराएं। प्रगति कम पाई जाने पर कार्यवाही की जावेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क पेचवर्क कार्य के संबंध में जानकारी ली एवं बारिश से पूर्व और बारिश के बाद सड़क संधारण करने निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण),मध्यप्रदेश-डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, आंगनबाड़ी भवन सहित विभिन्न बिंदुओं एवं योजनाओं की समीक्षा की।

विज्ञापन

जरूरी खबरें