: इस विधायक ने क्यों भरे मंच पर किया मुख्यमंत्री को घुटने टेक कर प्रणाम
Admin Mon, Feb 6, 2023
भिंड में विकास यात्रा के शुभारंभ अवसर पर उत्साह और उमंग से लवरेज दिखाई दिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
गणेश भारद्वाज - भिंड
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को संत रविदास की जयंती के अवसर पर भिंड में 20 दिवसीय विकास यात्रा का शुभारंभ करने के लिए पहुंचे। यहां पर राजीव गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित एक विशाल जनसभा को मुख्यमंत्री के द्वारा संबोधित किया गया। सबसे पहले संबोधन का क्रम भिंड के विधायक संजीव सिंह कुशवाह का रहा, संजीव सिंह ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने और भिंड नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की घोषणा करने की मुख्यमंत्री से गुहार की। बाद में स्थानीय सांसद श्रीमती संध्या राय और मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया ने भी संजीव सिंह की इस मांग को दोहराया। मुख्यमंत्री ने जब अपना भाषण शुरू किया तो उन्होंने सबसे पहले विकास यात्रा की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला और फिर महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही में कमलनाथ सरकार के समय बंद की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के पुनः शुभारंभ और बुजुर्गों को तीर्थ जाने के लिए हवाई यात्रा कराने के विषय में भी मुख्यमंत्री ने घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए जनता की मांग है और सब नेताओं ने भी इस मांग को दोहराया है इसलिए मैं मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा करता हूं। साथ ही भिंड नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिया जाएगा। नाभि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। यह बात जैसे ही भिंड के विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने सुनी तो वे अपनी कुर्सी से उठकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के चरणों में आकर घुटनों के बल बैठ गए और उन्हें प्रणाम किया। उनकी इस अदा से वहां पर मौजूद जनता जनार्दन काफी प्रभावित हुई। विधायक संजीव सिंह कुशवाह का कहना है कि मुख्यमंत्री जी ने हमारी मांग को मांन कर हम पर उपकार किया है तो हम उनका न केवल आभार जताते हैं बल्कि उनके प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त करते हैं। जब हमें कोई कुछ देता है तो हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम उसे पूरा सम्मान दें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में अन्य विधानसभाओं का दौरा करूंगा और उसी विधानसभा में उस विधानसभा के विकास से संबंधित कार्य और घोषणाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि न केवल भिंड बल्कि मेहगांव, अटेर, गोहद और लहार में भी विकास के कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अलावा जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद सिंह भदौरिया, आवास विकास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, स्थानीय सांसद श्रीमती संध्या राय, स्थानीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया, पूर्व विधायक राकेश शुक्ला, नरेंद्र सिंह कुशवाह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन भाजपा नेता गण और जनता जनार्दन मौजूद रही
मुख्यमंत्री को नतमस्तक होकर प्रणाम करते भिंड विधायक संजीव सिंह कुशवाह
मेडिकल कॉलेज और नगर निगम की घोषणा करते मुख्यमंत्री
विज्ञापन